home page

एसएसपी कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से आग, समय रहते काबू

 | 
एसएसपी कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से आग, समय रहते काबू


नैनीताल, 06 अप्रैल (हि.स.)। सोमवार दोपहर नैनीताल जनपद मुख्यालय स्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली के तारों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यहां विद्युत मीटर की तारों से जलने की गंध के साथ हल्की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद मौके पर आग दिखाई दी। कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन यंत्रों की सहायता से आग पर नियंत्रण पा लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी कार्यालय एवं सिविल न्यायालय के समीप स्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपराह्न लगभग 12.15 बजे यह घटना हुई। कर्मचारियों ने तुरंत आग बुझाने के प्रयास कर आग पर नियंत्रण पा लिया। हालांकि विद्युत विभाग एवं अग्निशमन दल को भी सूचना दी गयी। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग की ओर से तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई और विद्युत विभाग के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त मीटर एवं चिपके तारों को अलग कर जांच के बाद व्यवस्था को पुनः सुचारू किया। लगभग एक घंटे के प्रयास के बाद आपूर्ति बहाल की गई। इस दौरान आसपास के क्षेत्रों में भी विद्युत आपूर्ति बाधित रही।

प्राथमिक जांच में आग का कारण मीटर पर अधिक भार या तारों का ढीला होना माना जा रहा है। बताया गया है कि पूर्व में भी दिसंबर 2025 में एसएसपी आवास में आग लगने की घटना सामने आ चुकी है, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया था। यह घटना जिम्मेदार विभागों एवं सरकारी कार्यालयों में अग्नि सुरक्षा की समीक्षा किये जाने को भी रेखांकित कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी