डीएफओ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने से कांग्रेस में नाराजगी, नेताओं ने बताया साजिश
पौड़ी गढ़वाल, 05 नवंबर (हि.स.)।खांड्यूंसैंड में गुलदार के हमले में पांच वर्षीय बच्ची की मौत के बाद हुए धरना-प्रदर्शन के मामले में डीएफओ की तहरीर पर कांग्रेस नेता विनोद दनोसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने से कांग्रेस में नाराजगी है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद नेगी और विनोद दनोसी ने मुकदमे को साजिश करार देते हुए वन विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
विनोद दनोसी ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान डीएफओ के साथ किसी तरह की मारपीट नहीं हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएफओ पूरे मामले को गलत तरीके से पेश कर रहे हैं और बेवजह इसे तूल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्ची की मौत के बाद ग्रामीण क्षेत्र में गुलदार के आतंक से निजात दिलाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। ऐसे में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करना उनकी आवाज दबाने का प्रयास है।
वहीं कांग्रेस नेता सुंदर लाल मुयाल ने पत्रकार वार्ता में प्रदेश में बढ़ते पलायन और गुलदार के हमलों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहाड़ों से लगातार पलायन हो रहा है, वहीं गुलदार के आतंक से निपटने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। पौड़ी क्षेत्र में लगातार गुलदार के हमले हो रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। इसके बावजूद समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।
मुयाल ने अंकिता भंडारी प्रकरण का भी जिक्र करते हुए मामले में सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहाड़ की जनता पलायन, सुरक्षा और अन्य गंभीर समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन इन मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

