धारी में किसान की गोली लगने से संदिग्ध मौत, आत्महत्या की आशंका
नैनीताल, 03 जुलाई (हि.स.)। जनपद के धारी विकासखंड के नथुवाखान क्षेत्र स्थित गड़गांव गांव में 60 वर्षीय किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मृत्यु हो गई। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचे के स्रोत की भी जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गड़गांव निवासी मोहन सिंह गुरुवार सुबह अपने घर पर थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी पत्नी को पानी भरने के लिए घर से बाहर भेज दिया। पत्नी के बाहर जाते ही उन्होंने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद घर के भीतर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दरवाजा खोलने पर मोहन सिंह कमरे के भीतर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। उनके सिर में गोली लगी थी। परिजन उन्हें तत्काल सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार मोहन सिंह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। हालांकि तनाव के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटा रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना में प्रयुक्त हथियार अवैध तमंचा था।
इसके बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक के पास अवैध हथियार कैसे पहुंचा। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर लिए गए हैं तथा पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

