home page

कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने में जुटे जवान

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 06 अगस्त (हि.स.)। श्री नीलकंठ महादेव कांवड़ यात्रा के दौरान लगातार हो रही बारिश और प्रतिकूल मौसम के बावजूद पौड़ी पुलिस पूरी मुस्तैदी और समर्पण के साथ ड्यूटी निभा रही है। भारी बारिश के बीच भी यात्रा मार्गों, प्रमुख पड़ावों और मंदिर क्षेत्र में तैनात पुलिस जवान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सहायता सुनिश्चित करने में जुटे हैं।

कांवड़ यात्रा में उमड़ रही भारी भीड़ के बीच पुलिस बल भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, मार्गदर्शन, आपातकालीन सहायता तथा खोया-पाया सेवाओं का प्रभावी संचालन कर रहा है। बारिश के कारण उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद जवान लगातार सतर्क रहकर शिवभक्तों को सुरक्षित यात्रा का अनुभव कराने में लगे हुए हैं।

एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि कांवड़ यात्रा के सफल, सुरक्षित और सुगम संचालन के लिए सभी पुलिस अधिकारी और जवान पूरी निष्ठा एवं सेवा-भाव से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौसम की चुनौतियों के बावजूद पुलिस बल हर ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी सतर्कता के साथ तैनात है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने शिवभक्तों से भी पुलिस प्रशासन का सहयोग करने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह