डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने जाना एसटीपी का संचालन, गंगा स्वच्छता का महत्व समझा
हरिद्वार, 20 नवंबर (हि.स.)। डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी, देहरादून के विद्यार्थियों ने गुरुवार को नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत जगजीतपुर स्थित 68 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सीवेज ट्रीटमेंट की आधुनिक तकनीकों, जल शोधन की प्रक्रिया और गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त रखने में एसटीपी की भूमिका को नजदीक से समझा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि जगजीतपुर स्थित 68 एमएलडी एसटीपी एक पिंक एसटीपी है, जहां दिन के समय कार्यरत सभी कर्मचारी महिलाएं हैं। परियोजना प्रबंधक इंजीनियर मीनाक्षी मित्तल के नेतृत्व में संचालित यह संयंत्र महिला सशक्तीकरण, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता का उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहा है।
विद्यार्थियों को एसटीपी की विभिन्न तकनीकी इकाइयों का अवलोकन कराते हुए बताया गया कि शहरों और आवासीय क्षेत्रों से निकलने वाले दूषित पानी को कई वैज्ञानिक प्रक्रियाओं से गुजारकर शोधित किया जाता है। इस प्रक्रिया में ठोस अपशिष्ट, हानिकारक पदार्थों और प्रदूषकों को अलग किया जाता है, ताकि बिना उपचारित किया गया गंदा पानी गंगा और अन्य जल स्रोतों में न पहुंचे।
इस दौरान विद्यार्थियों ने जल शोधन की विभिन्न प्रक्रियाओं और अपशिष्ट जल प्रबंधन की तकनीकों की जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि आधुनिक एसटीपी गंगा में प्रदूषण की रोकथाम के साथ जल संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिला परियोजना अधिकारी सत्यदेव आर्य ने बताया कि शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और जल प्रबंधन से जुड़ी वास्तविक परिस्थितियों एवं आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थी किताबी ज्ञान को व्यावहारिक रूप में समझ पाते हैं और पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत संचालित एसटीपी का भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक रहा। इससे उन्हें गंगा स्वच्छता के लिए किए जा रहे प्रयासों और जल प्रदूषण नियंत्रण की व्यवस्थाओं को करीब से जानने का अवसर मिला।
इस अवसर पर प्लांट इंचार्ज संदीप, सचिन कुमार, अंजली तथा डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी की ओर से शैलजा भंडारी सहित विश्वविद्यालय के विद्यार्थी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

