विदाई समारोह: नैतिकता से समझौता नहीं का गुरु मंत्र देकर छात्रों को दिया आशीर्वाद
हरिद्वार, 08 मई (हि.स.)। एसएमजेएन पीजी कॉलेज में शुक्रवार को स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित आशीर्वाद एवं विदाई समारोह भावुक पलों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा कीं, वहीं शिक्षकों ने उन्हें जीवन में नैतिकता, अनुशासन और मूल्यों को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। समारोह के दौरान रैंप वॉक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न आकर्षक टाइटल्स ने माहौल को उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष, श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय में प्राप्त शिक्षा और संस्कार जीवनभर उनका मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां न केवल संस्थान को गौरवान्वित करेंगी, बल्कि महाविद्यालय की विरासत और परंपरा रूपी वटवृक्ष को भी निरंतर समृद्ध करेंगी। उन्होंने कहा कि एसएमजेएन जैसे शिक्षण संस्थान केवल डिग्री नहीं देते, बल्कि संस्कार, जिम्मेदारी और समाज के प्रति समर्पण की भावना भी विकसित करते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र ही किसी भी महाविद्यालय की असली पहचान होते हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसर में बिताए गए वर्ष केवल शिक्षा के नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण के भी महत्वपूर्ण वर्ष होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन का सबसे महत्वपूर्ण मंत्र देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में अपनी नैतिकता और मूल्यों से समझौता नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज का समय केवल परीक्षा का नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, धैर्य और संकल्प की परीक्षा का है।
समारोह में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को विशेष टाइटल देकर सम्मानित किया। राजनीति विज्ञान विभाग के छात्र भावेश, छात्रा रिया और वाणिज्य विभाग की छात्रा कीर्ति शर्मा ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए महाविद्यालय और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों की रैंप वॉक कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिस पर उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने जमकर तालियां बजाईं। शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए एमकॉम की छात्रा कीर्ति शर्मा, एमए अर्थशास्त्र की छात्रा मानसी विश्नोई तथा राजनीति विज्ञान की छात्रा रिया कश्यप को परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
समारोह के अंतिम चरण में विभिन्न आकर्षक टाइटल्स की घोषणा की गई। राजनीति शास्त्र के छात्र भावेश को “मिस्टर एसएमजेएन” तथा एमए राजनीति शास्त्र की छात्रा तनिशा को “मिस एसएमजेएन” का खिताब प्रदान किया गया। बेस्ट परिधान का खिताब करण भारद्वाज और एमकॉम की छात्रा ईशा को मिला। वहीं एमए समाजशास्त्र के प्रभात को सबसे स्टाइलिश छात्र और भव्या जोशी को सबसे स्टाइलिश छात्रा चुना गया।
कार्यक्रम का संचालन रुचिता सक्सेना, डॉ. मीनाक्षी शर्मा एवं डॉ. पल्लवी ने संयुक्त रूप से किया। अंत में डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी ने आयोजन समिति, प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। समारोह में डॉ. नलिनी जैन, प्रो. विनय थपलियाल, डॉ. शिव कुमार चौहान, डॉ. मनोज कुमार सोही, वैभव बत्रा, डॉ. आशा शर्मा, डॉ. लता शर्मा, डॉ. मोना शर्मा, डॉ. रेनू सिंह, डॉ. अनुरीषा, डॉ. रजनी सिंघल, डॉ. सरोज शर्मा, डॉ. वंदना, योगेश्वरी, दिव्यांश शर्मा, भव्या भगत, डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल, विनीत सक्सेना, डॉ. पुनिता शर्मा, डॉ. पद्मावती तनेजा, डॉ. मनीषा पाण्डेय, कार्यालय अधीक्षक मोहन चंद्र पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

