home page

महिला सशक्तिकरण विषय पर व्याख्यान

 | 
महिला सशक्तिकरण विषय पर व्याख्यान


हरिद्वार, 18 मार्च (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कन्या गुरुकुल परिसर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन ग्राम सीतापुर में महिला सशक्तिकरण विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। बुधवार को कार्यक्रम की शुरुआत स्वयंसेविकाओं द्वारा लक्ष्य गीत के साथ की गई।

इस अवसर पर वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संगीता मदान ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ है महिलाओं का शक्तिशाली बनना और अपने जीवन से जुड़े सभी फैसले स्वयं लेने में सक्षम होना। उन्होंने कहा कि महिलाओं में इतनी शक्ति है कि वे समाज और देश में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं।

डॉ. मदान ने कहा कि समाज की आधी आबादी महिलाएं हैं और उनके बिना किसी भी समाज का पूर्ण विकास संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि महिला एक सशक्त समाज की आधारशिला होती है। शिक्षा, आत्मविश्वास और जागरूकता ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाती है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझना चाहिए।

अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से प्राची आनंद और रजनीश बहुगुणा ने भी महिला सशक्तिकरण विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में डॉ. मनीला और डॉ. रितु अरोड़ा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस दौरान नृत्य प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्वाती ने प्रथम, जशन ने द्वितीय तथा सुत्री ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में राहुल प्रकाश, राजेश कुमार, शोभा देवी, रोहित कुमार गोयल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला