home page

प्रो. जैन उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के सदस्य नामित

 | 


हरिद्वार, 04 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार द्वारा मनोविज्ञान विभाग, गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के प्रोफेसर एवं प्रसिद्ध नैदानिक मनोवैज्ञानिक प्रो. राकेश कुमार जैन को उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का सदस्य नामित किए जाने पर विश्वविद्यालय में हर्ष का वातावरण है।

यह प्राधिकरण राज्य के अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों के पाठ्यक्रम निर्धारण सहित महत्वपूर्ण शैक्षणिक दायित्वों का निर्वहन करेगा। उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड में मदरसा बोर्ड को भंग कर दिया गया है और अध्यक्ष सहित इस नए प्राधिकरण में कुल 11 सदस्यों को नामित किए गए हैं।

प्रो. राकेश जैन वर्तमान में गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग में प्रोफेसर पद पर कार्यरत हैं। वे एक प्रतिष्ठित नैदानिक मनोवैज्ञानिक रहे हैं तथा विश्वविद्यालय में पूर्व में परीक्षा नियंत्रक और वित्ताधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वे नई शिक्षा नीति से जुड़ी समिति में नोडल अधिकारी के रूप में भी कार्य कर रहे हैं।

प्रो. राकेश जैन के मनोनयन पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा और अधिक सुदृढ़ होगी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. नवनीत ने प्रो. राकेश जैन को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि प्रो. जैन अपने अनुभव और विद्वत्ता के बल पर अल्पसंख्यक शिक्षा की दिशा में उल्लेखनीय और सकारात्मक कार्य करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला