home page

मेरठ कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने किया गुरुकुल का शैक्षणिक भ्रमण

 | 
मेरठ कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने किया गुरुकुल का शैक्षणिक भ्रमण


हरिद्वार, 17 मार्च (हि.स.)। मेरठ कॉलेज, मेरठ के मनोविज्ञान विभाग के छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण दल मंगलवार को प्रो. मंजू खोखर के नेतृत्व में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय पहुंचा। मेरठ कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग के शिक्षक प्रो. अनिता मोराल और प्रो. भगत सिंह भी दल के साथ उपस्थित रहे।

कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी से अध्ययन करने, अपने गौरवशाली इतिहास को जानने का आह्वान किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार के निर्देशन में यज्ञ का आयोजन किया गया। प्रो. सत्यदेव निगमालंकार ने कहा कि सभी विद्यार्थियों को दैनिक यज्ञ करना चाहिए। इससे विचारों की शुद्धि होती है और आत्मबल की वृद्धि होती है। उन्होंने गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

इस दौरान विभागाध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार ने मनोविज्ञान विभाग में संचालित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में छात्रों को अवगत कराया। भ्रमण दल ने मनोविज्ञान विभाग की प्रयोगशाला, केंद्रीय पुस्तकालय तथा विश्वविद्यालय के संग्रहालय का भी भ्रमण किया और विभिन्न मनोवैज्ञानिक परीक्षणों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

प्रो. मंजू खोखर ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आकर दल के सभी सदस्यों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है, जिसका लाभ भविष्य में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को अवश्य मिलेगा। डॉ. अजीत सिंह तोमर ने विश्वविद्यालय के इतिहास एवं विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 1902 में स्वामी श्रद्धानंद द्वारा इस संस्थान की स्थापना की गई थी और यह विश्वविद्यालय अपनी विशिष्ट शिक्षा पद्धति के कारण विश्वविद्यालयों में अलग पहचान रखता है। इस अवसर पर प्रोफ. राकेश कुमार, डॉ. मनोज चौहान, डॉ. विक्रम सिंह तथा शोध छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला