home page

तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

 | 
तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर छात्र-छात्राओं को किया जागरूक


नई टिहरी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल टिहरी में शिक्षा संकाय की पहल पर तनाव प्रबंधन एवं मानसिक स्वास्थ्य विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। मंगलवार को मुख्य वक्ता मनोवैज्ञानिक डॉ. रीना सिंह ने छात्र-छात्राओं को तनाव के कारणों, मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर इसके प्रभाव और तनाव कम करने के उपायों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि लगातार तनाव व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य के साथ शारीरिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित कर सकता है। तनाव और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव के लिए नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और पौष्टिक एवं संतुलित आहार को दिनचर्या में शामिल करना जरूरी है। छात्र-छात्राओं को खेलकूद और विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के साथ परिवार के सदस्यों और मित्रों से संवाद बनाए रखने की सलाह दी।

परिसर निदेशक प्रो. एए बौड़ाई ने मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन से जुड़ी जानकारियां साझा की। उन्होंने कहा कि परिवार, दोस्तों और समाज से जुड़ाव बनाए रखना जरूरी है। एक-दूसरे का साथ देने और रिश्तों को संजोकर रखने से जीवन को संतुलित और बेहतर बनाया जा सकता है। इस मौके पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. जेडीएस नेगी, डॉ. नीरज जोशी, डॉ. मनोज नौटियाल, डॉ. हेमराज, डॉ. सुमनलता चौधरी, डॉ. देवम, डॉ. अखिलेश कुमार गौतम, डॉ. अरविंद कुमार, प्रो. ममता राणा, प्रो. विशाल गुलरिया, प्रो. सुबोध कुमार, प्रो. एबी थपलियाल मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी