home page

एनएच-534 पर लापरवाही पर डीएम सख्त, तीन मामलों में जुर्माना

 | 
एनएच-534 पर लापरवाही पर डीएम सख्त, तीन मामलों में जुर्माना


पौड़ी गढ़वाल, 08 सितंबर (हि.स.)।सतपुली-गुमखाल राष्ट्रीय राजमार्ग - 534 पर निर्माण कार्य में लापरवाही और सड़क किनारे मलबा जमा होने पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में एनएच निर्माण और यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को सड़क सुरक्षा के साथ निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

डीएम ने सूलिया, सतपुलीसैंण, सतपुली मल्ली, कुल्हाड़ मोड़ और गहड़गांव के समीप जमा मलबे को एक सप्ताह के भीतर हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने जरूरत के अनुसार अतिरिक्त वाहन लगाने और प्रतिदिन कार्यों की निगरानी कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही गिर रहे पुश्तों, सुरक्षा दीवारों और अन्य सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य के नाम पर आमजन की आवाजाही बाधित करना और सड़क को असुरक्षित छोड़ना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा अवरोधक लगाने और सड़क के दोनों ओर मलबा जमा न करने के निर्देश भी दिए गए।

जिला खनन अधिकारी ने बताया कि एनएच पर उपखनिज के अवैध भंडारण के तीन मामलों में कार्रवाई कर संबंधितों पर जुर्माना लगाया गया है। डीएम ने नियमित निरीक्षण जारी रखने और नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। संबंधित स्थलों का भूगर्भ वैज्ञानिक के साथ संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट देने को भी कहा।

अधिशासी अभियंता ने बताया कि एनएच पर डामरीकरण कार्य में तेजी लाई जा रही है और 15 नवंबर तक डामरीकरण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पांच स्थानों पर भूस्खलनरोधी कार्य भी प्रस्तावित हैं। बैरगांव-कुल्हाड़ के बीच काम शुरू हो चुका है। डीएम ने सभी सुरक्षात्मक कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

16 सितंबर को फिर होगी जांच

डीएम ने उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित कर 16 सितंबर को दोबारा स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। समिति निर्माण कार्य, मलबे, यातायात व्यवस्था, पुश्तों और सुरक्षात्मक कार्यों की स्थिति देखेगी। लापरवाही या निर्देशों की अनदेखी मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह