home page

डीएसबी छात्रसंघ चुनावः अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला, उपाध्यक्ष प्रत्याशी का नामांकन अवैध

 | 

नैनीताल, 26 सितंबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के सर्वप्रमुख डीएसबी परिसर नैनीताल में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 के लिए शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच के बाद अध्यक्ष पद पर भानु प्रताप सिंह चौहान, शुभम कुमार और हिमांशु आर्य के नामांकन वैध पाए गए और इस प्रकार उनके बीच त्रिकोणीय मुकाबला तय किया गया।

वहीं छात्रा उपाध्यक्ष पद पर कुमकुम जोशी, छात्र उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक रैकुनी तथा सचिव पद पर कमल कार्की का नामांकन वैध पाया गया। संयुक्त सचिव पद के लिए छात्राओं में अनुष्का पुरी और गौरी, कोषाध्यक्ष पद के लिए सृष्टि रावत और विदुषी वर्मा, सांस्कृतिक सचिव पद के लिए हर्षित जोशी तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए तनमय भंडारी का नामांकन वैध पाया गया। जबकि छात्र उपाध्यक्ष के पद पर कुणाल बेदी का नामांकन अवैध घोषित किया गया।

नामांकन पत्रों की जांच के उपरांत छात्रा उपाध्यक्ष के पद पर कुमकुम जोशी, संकाय प्रतिनिधि पद के लिए कला संकाय से अनिल कुमार, वाणिज्य संकाय से सन्ध्या कापड़ी, विधि से दिव्यांशी कौशल तथा प्रबंध अध्ययन से सानिध्य उप्रेती के नामांकन वैध पाए जाने के बाद उनका निर्विरोध निर्वाचन भी तय हो गया है।

नामांकन जांच समिति ने छात्र उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी कुणाल वेदी का नामांकन अवैध घोषित किया। निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी सूचना के अनुसार कुणाल वेदी बीए चौथे वर्ष (सप्तम सेमेस्टर) के विद्यार्थी हैं। उनके नामांकन पत्र में उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार 1 जुलाई 2026 को उनकी आयु 23 वर्ष 2 माह 21 दिन थी, जबकि कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्रसंघ संविधान के अनुच्छेद 5(ज) में निर्धारित सामान्य अर्हता की आयु सीमा के अनुरूप वे आवश्यक पात्रता पूरी नहीं करते थे। समिति के निर्णय और कुलपति की बैठक में दिए गए अनुमोदन के आधार पर उनका नामांकन अवैध घोषित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी