home page

अंतर महाविद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता में डीएसबी परिसर चैंपियन

 | 
अंतर महाविद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता में डीएसबी परिसर चैंपियन


नैनीताल, 07 मार्च (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय का सर्वप्रमुख डीएसबी परिसर नैनीताल विवि की अंतर महाविद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता में चैंपियन साबित हुआ है। शनिवार को डीएसबी परिसर के कला संकाय सभागार में आयोजित हुई प्रतियोगिता में डीएसबी परिसर, जीसी गुड़िया लॉ कॉलेज काशीपुर, एचएनबी कॉलेज खटीमा, आईएमटी काशीपुर और वासुदेव लॉ कॉलेज के प्रतिभागियों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता में अर्णव त्रिपाठी, नकुल देव साह, मनोज, वाणी, प्रतीक, रेणु, रक्षित, सुनिष्ठ, नवराज और मुस्कान ने “वर्तमान शिक्षा प्रणाली युवा वर्ग के सुदृढ़ मानसिक स्वास्थ्य के विकास में सहायक है” विषय पर पक्ष और विपक्ष में प्रभावी तर्कों के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए।

सर्वाधिक अंक प्राप्त कर मेजबान डीएसबी परिसर ने चैंपियनशिप ट्रॉफी प्राप्त की, जबकि एचएनबी कॉलेज खटीमा को उपविजेता ट्रॉफी मिली। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अर्णव त्रिपाठी और नकुल देव साह दिल्ली में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

कार्यक्रम में परिसर निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत, विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, आयोजक सचिव डॉ. संतोष कुमार के साथ निर्णायक मंडल में प्रो. सुषमा टम्टा, प्रो. नीलू लोधियाल और डॉ. ललित शामिल रहे। विजेताओं को ट्रॉफी और पदक प्रदान किए गए।

आयोजन में अनीता रावत, अपूर्व बिष्ट, चारू, शिखा, अतुल, लाल सिंह, अजय, कुंदन, डॉ. पांडेय, दीपांशु और साकेत सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी