home page

नशामुक्त युवा ही सशक्त राष्ट्र की नींव: योगेश राजवार

 | 
नशामुक्त युवा ही सशक्त राष्ट्र की नींव: योगेश राजवार


हल्द्वानी, 21 अगस्त (हि.स.)। विद्यार्थियों को नशे की लत के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दिल्ली पब्लिक स्कूल हल्द्वानी में शुक्रवार को ‘नशे की लत एवं विकसित भारत’ विषय पर विशेष अंतरक्रियात्मक सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे से होने वाले सामाजिक, मानसिक और व्यक्तिगत नुकसान के प्रति जागरूक कर उन्हें जिम्मेदार निर्णय लेने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य और मुख्य अतिथि योगेश सिंह राजवार ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने साथियों और समाज में सकारात्मक जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी निश्चिकांत जोशी ने नशे की लत के दुष्प्रभावों और इससे बचाव में जागरूकता की भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे के प्रति सजग रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों ने संस्कृत गीत और उत्तराखंड के लोकनृत्य की प्रस्तुति देकर भारतीय संस्कृति और स्थानीय विरासत की झलक प्रस्तुत की। इसके अलावा विद्यार्थियों ने नशे की लत पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे के बढ़ते प्रभाव और इससे बचाव का संदेश दिया।

इस अवसर पर समाजसेवी योगिता बहुगुणा, बाल संरक्षण अधिकारी पल्लवी तिवारी, प्रदीप बिष्ट, विद्यालय की प्रधानाचार्या रंजना शाही, शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता