home page

जनता मिलन कार्यक्रम में डीएम को बताई समस्याएं

 | 
जनता मिलन कार्यक्रम में डीएम को बताई समस्याएं


पौड़ी गढ़वाल, 13 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने आज जनता मिलन कार्यक्रम में समस्याएं सुनी। इस दौरान पेयजल किल्लत, प्रभावित विभिन्न विभागों से संबंधित बारह से अधिक शिकायतों की सुनवाई की। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन कार्यक्रम में श्रीनगर के स्वीत गांव निवासी दिनेश सिंह रावत द्वारा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से प्रभावित भूमि के सापेक्ष देय ब्याज राशि के भुगतान संबंधी शिकायत प्रस्तुत की गई। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि बैठक समाप्त होते ही शिकायतकर्ता से आवश्यक अभिलेख प्राप्त कर प्रकरण का परीक्षण करते हुए नियमानुसार ब्याज राशि के भुगतान की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। तहसील पौड़ी के केवर्स ग्रामवासियों ने पेयजल आपूर्ति नियमित नहीं होने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को बैठक समाप्त होते ही शिकायतकर्ताओं की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।

वहीं, कलियासौड़ निवासी मदनलाल की पेयजल शिकायत पर अवर अभियंता को आज हीं मौके पर भेजकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने को कहा। इस मौके पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, एडीएम एफ आर चौहान, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीडीओ रमेश चंद्र, सीएमओ डॉ शिवमोहन शुक्ला, सीवीओ डॉ विशाल शर्मा, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेय सयाना, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी तपेश कुमार चंद आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह