home page

देहरादून में कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आयोजन

 | 
देहरादून में कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आयोजन


देहरादून, 27 जून (हि.स.)। देहरादून महानगर कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को कांग्रेस भवन में “छात्रों की गूंज” विषय पर वीडियो प्रेजेंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने छात्रों से जुड़े मद्दों पर चर्चा की तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की बातों को कार्यक्रम के माध्यम से सुना।

महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार देश के युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों की आवाज को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों की वास्तविक समस्याओं को जन-जन तक पहुंचाना तथा शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं के खिलाफ जनमत तैयार करना है।

गोगी ने दावा किया कि उत्तराखंड का युवा आज रोजगार, पारदर्शी भर्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मांग कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद कर जवाबदेही तय करनी होगी। कांग्रेस युवाओं के हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत अन्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल