home page

लंबित राजस्व वादों के निस्चतारण को चलेगा विशेष अभियानः डीएम

 | 
लंबित राजस्व वादों के निस्चतारण को चलेगा विशेष अभियानः डीएम


गोपेश्वर, 24 सितम्बर (हि.स.)। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने लंबित राजस्व मामलों के निस्तारण के लिए जिले में विशेष अभियान चलाए जाने पर जोर दिया है। डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को नियमित रूप से न्यायालय में बैठकर पुराने और नए राजस्व वादों की सुनवाई करने व मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मासिक स्टाफ बैठक में उन्होंने राजस्व वसूली में तेजी लाने और जनहित से जुड़े लंबित प्रकरणों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने को कहा।

राजस्व विभाग की समीक्षा में सामने आया कि जिले में पांच साल से अधिक समय से कोई राजस्व वाद लंबित नहीं है। इसके बावजूद पुराने और नए मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया है। राजस्व वसूली की समीक्षा में बताया गया कि खनन विभाग ने 50 करोड़ रुपये के वार्षिक लक्ष्य के मुकाबले अगस्त तक 33 फीसदी राजस्व वसूली की है। आबकारी विभाग ने 99 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 49 फीसदी वसूली की है।

डीएम ने परिवहन, खनन, खाद्य पूर्ति और आबकारी विभाग को लक्ष्य के अनुरूप वसूली बढ़ाने और आपसी समन्वय से कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।अभियोजन मामलों की समीक्षा में डीएम ने दोषसिद्धि की दर में सुधार के लिए प्रत्येक मामले की प्रकरणवार समीक्षा करने और प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने को कहा। जरूरत के अनुसार सहायक अभियोजन अधिकारियों की नियुक्ति तथा न्यायिक प्रक्रिया को समयबद्ध करने के लिए ऑनलाइन गवाही को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए।

अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई तेज करने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित छापेमारी और चालानी कार्रवाई जारी रखने को कहा गया। बैठक में बताया गया कि परिवहन विभाग ने अब तक 608 चालान, जबकि पुलिस ने 7486 चालानी कार्रवाई की है। खाद्य आपूर्ति की समीक्षा में नियमित खाद्यान्न आपूर्ति सुनिश्चित करने और खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग व जांच करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, एसडीएम राज कुमार पांडे, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी समेत तहसीलदार और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल