15 अक्टूबर तक जिले की सड़कें होंगी गड्ढामुक्तः जिलाधिकारी
गोपेश्वर, 22 सितम्बर (हि.स.)। चमोली में सड़कों के गड्ढे अब 15 अक्टूबर तक भरने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मंगलवार को वीसी हॉल गोपेश्वर में गड्ढामुक्त अभियान की समीक्षा करते हुए सभी सड़क निर्माण और अनुरक्षण एजेंसियों को समयसीमा से पहले काम पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग को सभी सड़क एजेंसियों के साथ नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि सड़क पर काम दिखाई देना चाहिए। सभी एजेंसियां आपसी समन्वय से उपलब्ध मशीनरी, मानव संसाधन और अन्य संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए काम में तेजी लाएं। उन्होंने आबादी वाले क्षेत्रों, बाजारों, प्रमुख संपर्क मार्गों और अधिक यातायात वाले हिस्सों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बारिश के बाद सड़कों पर बने गड्ढों से आम लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए मरम्मत कार्य में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। नगर निकायों को भी अपने क्षेत्रों की सड़कों का आकलन कर स्पष्ट लक्ष्य तय करने और समयबद्ध तरीके से अभियान पूरा करने को कहा गया। डीएम ने अधिकारियों को सड़क मरम्मत के साथ काम की गुणवत्ता पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में लोनिवि, पीएमजीएसवाई, 75 आरसीसी, राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचआईडीसीएल, 123 आरसीसी और 66 आरसीसी के अधीन सड़कों की स्थिति, गड्ढों की संख्या, मरम्मत का लक्ष्य और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली गई।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, अधीक्षण अभियंता राजेश चंद्रा, अधिशासी अभियंता तनुज कम्बोज समेत संबंधित विभागों और सड़क एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

