लगातार बारिश के बीच डीएम ने आपदा कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
पिथौरागढ़, 07 सितंबर (हि.स.)। जनपद में लगातार हो रही बारिश के दृष्टिगत जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर जनपद में बारिश से बारिश की स्थिति एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश की स्थिति, सड़क मार्गों, नदी-नालों के जलस्तर तथा अन्य संभावित आपात परिस्थितियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से जनपद की सभी तहसीलों में संचालित आपदा कंट्रोल रूम से स्वयं दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्रों की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लगातार बारिश को देखते हुए सभी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने नदियों एवं नालों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलस्तर में वृद्धि अथवा किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति दिखाई देने पर तत्काल उच्चाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को सूचित किया जाए।
संवेदनशील एवं जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं।
उन्होंने सड़क मार्गों की स्थिति पर भी लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि बारिश के कारण किसी भी सड़क के अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर मार्ग को सुचारू कराने की कार्रवाई करें। सभी आवश्यक मशीनरी एवं जेसीबी को तत्पर स्थिति में रखा जाए, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से भी अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान स्वयं के स्तर पर भी सतर्कता बरतें। नदी, नालों एवं अन्य जोखिम वाले स्थानों के समीप जाने से बचें तथा मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा न करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला एवं तहसील स्तर पर स्थापित आपदा कंट्रोल रूम को सूचना दें। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ जे एस चुफाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर सहित अन्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष दरियाल

