home page

एडीबी प्राेजेक्ट के तहत बाैराड़ी बाजार के कार्यों पर डीएम ने जताई नाराजगी

 | 
एडीबी प्राेजेक्ट के तहत बाैराड़ी बाजार के कार्यों पर डीएम ने जताई नाराजगी


नई टिहरी, 13 अगस्त (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल ने टिहरी लेक प्रोजेक्ट के तहत एडीबी सहायतित करीब 23 करोड़ रूपये की लागत से बौराड़ी के फर्नीचर और कवर्ड मार्केट के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की। कार्य सही न मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।

वीरवार को डीएम नितिका ने फर्नीचर मार्केट में सीलन, जल निकासी की समस्या पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को जोड़ से पानी के रिसाव को ठीक करने, आवश्यक वाटरप्रूफिंग ट्रीटमेंट कराने और ड्रेनेज सिस्टम को ठीक करने के निर्देश दिए। मार्केट में खुले व लटकते तारों की वायरिंग को व्यवस्थित कर बंचिंग कराने, विद्युत संबंधी सभी कार्य नगर पालिका व विद्युत विभाग के समन्वय से तत्काल पूरा करने को कहा। बाजार के बीच स्थित विद्युत पोल को अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।

वहीं पेड़ों की पत्तियों के कारण नालियां चोक होने की शिकायत पर डीएम ने पालिका के समन्वय से नियमित सफाई कराने को कहा। साथ ही छतों की सफाई के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि मार्केट में जल निकासी, वायरिंग, सफाई व्यवस्था व अन्य कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कवर्ड मार्केट में खुले में लटक रहे तारों, गंदगी एवं दुकानों के बाहर खाली स्थान में कूड़ा-करकट पाए जाने पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताई। दुकान के बाहर खाली स्थान को दो दिन के भीतर भरने, सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीढ़ियों के निकट दुकानों के शटर के ऊपर बने स्लैबों से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए उन्हें हटाने को कहा। कहा कि डिजाइन में जो कमियां रह गई हैं, उनके समाधान के लिए एडीबी की डिजाइन टीम को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवराज सिंह सजवाण, प्रोजेक्ट मैनेजर एडीबी अमित रुसिया, अधिशासी अभियंता लोनिवि चंबा राजेंद्र सिंह, संदीप रावत मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी