home page

धारचूला से आदि कैलाश यात्रा शुरू, पहल दल रवाना

 | 
धारचूला से आदि कैलाश यात्रा शुरू, पहल दल रवाना


धारचूला, 01 मई (हि.स.)। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला से शुक्रवार को ‘आदि कैलाश यात्रा 2026’ का विधिवत शुभारंभ हाे गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं और यात्रियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रशासन की ओर से यात्रा को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

शुक्रवार को धारचूला के उपजिलाधिकारी आशीष जोशी ने तीन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर यात्रियाें के दल को रवाना किया। अधिकारियों के अनुसार यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए कुल 500 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 350 इनर लाइन परमिट (आईएलपी) जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों में यात्रा को लेकर काफी उत्साह है और प्रशासन द्वारा सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।

प्रशासन यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त करें। उच्च हिमालयी क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को यथासंभव छाेटे वाहनों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। प्रशासन के अनुसार यात्रा मार्ग पूरी तरह सुचारू है और सड़क मार्ग खोल दिया गया है। मार्गों के रख-रखाव एवं संचालन के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को सक्रिय कर दिया गया है।

यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर विभिन्न स्थानों पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। सभी संबंधित विभाग और एजेंसियां अलर्ट मोड में कार्य कर रही हैं और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। यात्रा से पूर्व आईएलपी परमिट, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और मौसम से जुड़े दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय