home page

जिला योजना समिति निर्वाचन की निर्वाचक नामावली का कार्यक्रम जारी

 | 

देहरादून, 05 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के सभी जिलों में जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। इसमें हरिद्वार के क्षेत्र को शामिल नहीं किया गया है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि 8 सितंबर को निर्वाचक नामावली के आलेख्य का प्रकाशन किया जाएगा। दस सितंबर को निर्वाचक नामावली के निरीक्षण और दावा-आपत्ति दाखिल करने की अवधि रहेगी। 12 सितंबर को प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा, जबकि 15 सितंबर को अंतिम रूप से तैयार निर्वाचक नामावली का प्रकाशन होगा।

उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला मजिस्ट्रेट/रिटर्निंग ऑफिसर जिला योजना समिति के निर्वाचन के लिए जिला पंचायत और नगर स्थानीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों की मतदाता सूची तैयार कराएंगे। कार्यक्रम का स्थानीय समाचार पत्रों के माध्यम से प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।

निर्वाचक मंडल की जानकारी के लिए संबंधित सूची जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, जिला पंचायत मुख्यालय तथा सभी नगर स्थानीय निकायों के मुख्यालयों में प्रदर्शित की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचक नामावली तैयार करने से संबंधित समस्त कार्यवाही संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर/जिला मजिस्ट्रेट की ओर से संपन्न की जाएगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय