home page

गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के आपातकालीन द्वार को लेकर विवाद

 | 
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के आपातकालीन द्वार को लेकर विवाद


नैनीताल, 11 सितंबर (हि.स.)। नगर के मल्लीताल स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के आपातकालीन द्वार को लेकर सभा के पदाधिकारियों और नगर पालिका अध्यक्ष के बीच तीखी बहस देखने का मिली है। मामला गोवर्धन हॉल के मुख्य द्वार के समीप गुरुद्वारा परिसर के लिए प्रस्तावित नए द्वार और रास्ते को लेकर है।

गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के महासचिव अमनप्रीत सिंह ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से गुरुद्वारा परिसर के लिए लगभग चार फीट चौड़े आपातकालीन द्वार के निर्माण को लेकर मौके पर माप की जा रही थी। इसी दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने पहुंचकर गेट बनाए जाने पर आपत्ति जताई। अमनप्रीत सिंह के अनुसार गुरुद्वारा सभा का पहले से आपातकालीन द्वार था, जिसे सेवा समिति की ओर से बंद कर दिया गया है। सभा की मांग है कि पुराना गेट खोला जाए या प्रस्तावित नया द्वार बनाने की अनुमति दी जाए।

उन्होंने गोवर्धन हॉल में आयोजित कार्यक्रमों को लेकर भी आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि कुछ आयोजनों में तेज आवाज में डीजे बजाने के साथ शराब व धूम्रपान का सेवन किया जाता है और शराब की बोतलें व सिगरेट आदि गुरुद्वारा परिसर में फेंकी जाती हैं।

उन्होंने कहा कि कई बार समिति से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। समाधान नहीं होने पर प्रशासन से शिकायत करने की चेतावनी दी।

वहीं, सेवा समिति गोवर्धन हॉल के उपाध्यक्ष दीपक गुरुरानी ने कहा कि मुख्य द्वार के समीप गुरुद्वारे का नया गेट बनने से हॉल में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने गेट दूसरी ओर बनाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि आपसी सहमति और उचित व्यवस्था के माध्यम से दोनों पक्षों की समस्या का समाधान किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी