नवरात्र के पहले दिन मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें, व्यवस्था संभालने में जुटी पुलिस
हरिद्वार, 19 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार के प्रमुख मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। नगर के मां मनसा देवी मंदिर, मां चंडी देवी मंदिर समेत अन्य देवी मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गई। दूर-दूर से आए भक्त माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए घंटों लाइन में खड़े नजर आ रहे हैं।
नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रमुख मंदिर मार्गों, प्रवेश द्वारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की कतारों को व्यवस्थित करने के साथ-साथ उन्हें सुगम और सुरक्षित तरीके से दर्शन कराने में सहयोग कर रहे हैं। मंदिर मार्गों पर बैरिकेडिंग और दिशा-निर्देशों के माध्यम से भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। हरिद्वार पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें, निर्धारित मार्गों का पालन करें और धैर्य बनाए रखें, जिससे सभी भक्तों को सुरक्षित और सुचारु रूप से माता के दर्शन का लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त तीर्थनगरी के शीलता माता मंदिर, सुरेश्वरी देवी मंदिर, काली मंदिर, दक्षिणकाली मंदिर समेत तमाम मंदिरों में भारी भीड़ रही। नवरात्र के पावन अवसर पर हरिद्वार में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है तथा मंदिरों में जय माता दी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

