मुख्यमंत्री धामी ने मसूरी में 17.80 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया
देहरादून, 04 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिना रुके और बिना थके अपने हर वादे को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है तथा उत्तराखंड विकास के स्वर्णिम युग की ओर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री धामी ने पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्व. दीपक पुंडीर की स्मृति में निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण करते हुए कहा कि ये परियोजनाएं मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत संरचना को मजबूत किया जा रहा है, वहीं उत्तराखंड को खेल, पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में भी कार्य हो रहा है।
उन्होंने कहा कि मसूरी देश के प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन और पर्यटन स्थलों में शामिल है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क का उच्चीकरण तथा जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना जैसी परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक मार्ग का सीआरएफ योजना के तहत सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत रिखोली के सोलह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि सहस्त्रधारा और न्यू कैंट रोड क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्य भी कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून और दंगों में सार्वजनिक व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से क्षतिपूर्ति वसूलने जैसे सख्त कानून लागू किए हैं। नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी ढंग से सरकारी नौकरियां मिली हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्टार्टअप नीति, एक जनपद दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहल से युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है तथा नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) सूचकांक में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

