home page

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया विकसित भारत का संदेश, युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील

 | 
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया विकसित भारत का संदेश, युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील


हल्द्वानी, 28 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय संचार,सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), क्षेत्रीय कार्यालय नैनीताल की ओर से मंगलवार को पीएम श्री उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, कालाढूंगी में विकसित भारत @ 2047 और नशा मुक्त भारत अभियान को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम एवं चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा ने फीता काटकर किया। इसके बाद विधायक बंशीधर भगत, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, ब्लॉक प्रमुख मनीषा जंतवाल और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रेखा कत्यूरा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि विकसित ग्राम सभा कार्यक्रम के तहत प्रस्तावित रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन ‘जी राम जी’ ग्रामीण विकास और रोजगार के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने युवाओं से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने और विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में नैनीताल जिले की लोकपाल पुष्पा कांडपाल ने ‘जी राम जी’ मिशन के विभिन्न प्रावधानों और लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

केंद्रीय संचार ब्यूरो के कलाकारों ने नशा मुक्त भारत अभियान पर आधारित नाटक ‘पुनर्वास की आस’ का मंचन किया। नाटक के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

सांस्कृतिक कला उत्थान समिति, खुर्पाताल के कलाकारों ने लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुत कर सरकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग, कोटाबाग के सहयोग से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की गोद भराई और छह माह से अधिक आयु के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। इसके माध्यम से पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य का संदेश दिया गया।

‘विकसित भारत @ 2047’ विषय पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता छात्र-छात्राओं अर्चना भट्ट, हिना बिष्ट, वैशाली जलाल, जिया, रचित गंगोला, छाया आर्य और अंजली पांडे को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य ए.के. सिंह, सीएचसी के डॉ. मदन गोनल, खंड विकास कार्यालय कोटाबाग के अधिकारी, केंद्रीय संचार ब्यूरो के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय