कैंचीधाम मेला की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव की समीक्षा बैठक
देहरादून, 10 जून (हि.स.)। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आज सचिवालय में श्री कैंचीधाम (नैनीताल) में 15 जून को स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले वार्षिक मेले की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने मेले को सुव्यवस्थित रूप से आयोजित कराए जाने के लिए पुलिस, जिला प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग सहित अन्य सम्बन्धित विभागों को आवश्यक कदम उठाए जाने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग को श्रद्धालुओं के आवागमन का पीक टाईम को देखते हुए अगले 10 दिनों के लिए रूट प्लान व यातायात प्रबन्धन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र के लिए जोनल एवं सैक्टोरल प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने पार्किंग मैनेजमेंट और रूट प्लान का प्रचार-प्रसार स्थानीय स्तर पर, राज्य एवं राज्य के बाहर भी किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन एवं रूकने के साथ ही यातायात संकुलन (ट्रैफिक जाम) से बचने में किसी प्रकार की समस्या न हो।
मुख्य सचिव ने सौन्दर्यीकरण व प्रकाशीकरण कार्य शीघ्र पूर्ण कराते हुए मेला क्षेत्र एवं पार्किंग क्षेत्र में पेयजल एवं टॉयलेट आदि मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मल्टीलेवल पार्किंग के लिए आने और जाने का मार्ग व्यवस्थित रूप से रखा जाए, ताकि पार्किंग में जाम जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने पार्किंग एरिया से मंदिर तक आने-जाने के लिए शटल सेवा की भी उचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने रूट डायवर्ट करने और वैकल्पिक मार्गों को तैयार, ब्लैक टॉपिंग आदि के कार्य करने के लिए पुलिस एवं लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया।
मुख्य सचिव ने आकस्मिक परिस्थितियों के लिए निकासी योजना को भी अनिवार्य रूप से तैयार रखे जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ एम्बुलेंस आदि की भी व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखी जाए। उन्होंने आकस्मिक परिस्थितियों के लिए तैयार निकासी योजना को पुलिस एवं मंदिर से सम्बन्धित सुरक्षाकर्मियों के साथ अच्छे से ब्रीफ कराया जाए, ताकि निकासी योजना का अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने भीड़ प्रबन्धन के लिए हितधारकों से लगातार संवाद करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं।
इस अवसर पर सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयुक्त कुमांऊ दीपक रावत, आईजी कुमांऊ निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजुनाथ टीसी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
----
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

