home page

मालदेवता के पास पुल से व्यक्ति का शव लटका मिला

 | 
मालदेवता के पास पुल से व्यक्ति का शव लटका मिला


देहरादून, 20 सितंबर (हि.स.)। देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में मालदेवता से आगे लोहे के पुल पर रविवार सुबह एक व्यक्ति का शव रस्सी के सहारे लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, रायपुर थाना पुलिस को सुबह सूचना मिली कि मालदेवता से आगे लोहे के पुल पर एक व्यक्ति लटका हुआ है। सूचना पर मालदेवता चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां एक व्यक्ति रस्सी के सहारे पुल से लटका मिला। पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई की।

मौके पर स्कूटी (यूके07एफएन-9653) भी खड़ी मिली। जांच में स्कूटी मृतक के रिश्तेदार की होने की जानकारी सामने आई। मृतक की पहचान तनवीर कुमार उर्फ शायरी (निवासी घमंडपुर, रानीपोखरी, देहरादून) के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता वेदवानी विहार, बालावाला, थाना रायपुर बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर पर चोट अथवा संघर्ष के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। परिजनों ने भी शव की पहचान की। पुलिस ने शव को कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय