home page

नवरात्रि पर भाजपा ने किया सामूहिक कन्या पूजन

 | 
नवरात्रि पर भाजपा ने किया सामूहिक कन्या पूजन


देहरादून, 16 अक्टूबर (हि.स.)। कैंट विधानसभा क्षेत्र स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर, वाल्मीकि बस्ती, देहरादून में सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष एवं भारत सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना की उपस्थिति रही। इस अवसर पर विधि-विधान से कन्याओं का पूजन कर मां स्कंदमाता की आराधना की गई व क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई।

इसी क्रम में वार्ड संख्या 38, पंडितवाड़ी स्थित स्वामी विवेकानंद मंडल में आयोजित सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम में भी सहभागिता की गई। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारीगण एवं सामाजिक जन उपस्थित रहे। सभी ने मां भगवती की पूजा-अर्चना कर समाज में सुख, शांति और सद्भाव बनाए रखने की मंगलकामना की।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि शारदीय नवरात्रि हमारी आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। कन्या पूजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा, सम्मान और समाज में बेटियों के महत्व को स्वीकार करने का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि नवरात्रि का यह पावन संदेश अधिक से अधिक परिवारों और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। ऐसे आयोजन धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक समरसता, सेवा और सामूहिक सहभागिता की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने सभी से नवरात्रि के अवसर पर बेटियों के सम्मान, उनके उज्ज्वल भविष्य और समाज में सकारात्मक संस्कारों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल