home page

समय पर उपचार न मिलने से जच्चा-बच्चा की मौत

 | 

उत्तरकाशी, 21 अगस्त (हि.स.)। मोरी क्षेत्र के दूरस्थ बडासू पट्टी में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क और पैदल मार्गों ने एक बार फिर पहाड़ के दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी है। यहां शुक्रवार को ओसला गांव में प्रसव के दौरान नवजात की मौत के बाद गंभीर हालत में मोरी अस्पताल के लिए डंडी से लाई जा रही 26 वर्षीय प्रसव पीड़िता अमीना ने भी रास्ते में गंगाड़ के समीप दम तोड़ दिया।

महिला की मौत से क्षेत्र में शोक के साथ ही स्वास्थ्य एवं सड़क सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार अमीना का मायका ओसला गांव में जबकि ससुराल गंगाड़ गांव में बताया जा रहा है। शुक्रवार सुबह उसने घर पर ही बच्चे को जन्म दिया, जहां प्रसव के दौरान ही नवजात की मौत हो गई। प्रसव के बाद अमीना की हालत भी गंभीर बताई गई। ग्रामीणों और परिजनों ने उसे तत्काल उपचार के लिए मोरी लाने का प्रयास किया। लेकिन बरसात के कारण क्षेत्र के पैदल मार्गों की बदहाल स्थिति और सड़क संपर्क बाधित होने के चलते उसे डंडी के सहारे पैदल ही मोरी अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि दुर्गम पहाड़ी रास्ते पर गंभीर हालत में महिला को डंडी से लाते समय रास्ते में उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। मोरी पहुंचने से पहले ही गंगाड़ के समीप अमीना ने दम तोड़ दिया। महिला के पति का नाम शंकर दास उर्फ बबलू बताया जा रहा है।

विधायक बोले

पीड़ित महिला गंगाड़ गांव निवाी अमीना के साथ ही एक अन्य मरीज सटूड़ी निवासी मैमर सिंह को अस्पताल ले जाने के लिए गंगाड़ से हेली सेवा की व्यवस्था की गई थाी। विधायक पुरोला दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि मौसम खराब होने की वजह से हेलीकॉप्टर नहीं क्षेत्र में उड़ान नहीं भर पाया। इस दुख की घड़ी में दोनों मृतकों के परिवारों के साथ मेरी संवेदना है।

स्वास्थ्य केंद्र मोरी के प्रभारी चिकित्सक डॉक्टर नितेश रावत ने बताया कि महिला सभी टीके लगे हुए थे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पंजीकृत है। प्रसव पीड़ा समय से पहले हो गई। प्रसव 7वें महीने में समय से दो महीने पहले हो गया।

दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों सहित पैदल रास्तों की खस्ता हालत है। आये दिन इस प्रकार की घटनाएं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। बरसात के मौसम रास्ते और खराब हो जाने से दिक्कत होती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल