home page

खेत में काम कर रहे किशोर की पानी भरे गढ्ढे में डूबने से मौत

 | 

हल्द्वानी , 03 अप्रैल (हि.स.)। कठघरिया क्षेत्र के बच्चीनगर में एक दर्दनाक हादसे में 11 वर्षीय बालक की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बदायूं निवासी चंद्रभान कश्यप का परिवार यहां किराए पर रहकर मजदूरी करता है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार परिवार खेत में गेहूं कटाई का कार्य कर रहा था, जहां उनका 11 वर्षीय बेटा सौरभ कश्यप भी मदद कर रहा था।बताया जाता है कि गेहूं के बंडल तैयार करने के लिए उन्हें पानी में भिगोया जाता है। इसी दौरान सौरभ बंडल लेकर पास ही निर्माणाधीन दुकानों के लिए खोदे गए करीब 8 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे के पास पहुंचा, जहां अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गड्ढे में गिर गया और डूब गया।

परिजनों के अनुसार, काफी देर तक जब सौरभ दिखाई नहीं दिया तो उसकी तलाश शुरू की गई। करीब आधे घंटे तक खोजबीन के बाद गड्ढे में उसकी चप्पल तैरती हुई दिखाई दी, जिससे अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद गड्ढे से मासूम का शव बरामद किया गया। सौरभ ने हाल ही में पांचवीं कक्षा उत्तीर्ण कर छठी में प्रवेश लिया था। पिता के अनुसार, वह पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा और परिवार का लाड़ला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता