home page

केदारनाथ यात्रा से लौटते वक्त लापता हुई महिला बेगूसराय स्टेशन से बरामद

 | 
केदारनाथ यात्रा से लौटते वक्त लापता हुई महिला बेगूसराय स्टेशन से बरामद


हरिद्वार, 11 मई (हि.स.)। देहरादून से गाजियाबाद जा रही नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई महिला को पुलिस ने बिहार के बेगूसराय रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि पति से मनमुटाव होने के बाद वह गुस्से में ट्रेन की दूसरी बोगी में जाकर बैठ गई थी और बाद में गाजियाबाद से दूसरी ट्रेन पकड़कर पटना चली गई थी।

जानकारी के अनुसार प्रज्ञा सिंह पत्नी मनीष अग्रहारि निवासी 300/2 हनुमंत नगर मछरिया रोड थाना नौबस्ता जनपद कानपुर, हाल निवासी बी-361 ड्रीम वैली विला आम्रपाली इंचान्टे थाना बिसरख ग्रेटर नोएडा, 5 मई को अपने पति के साथ केदारनाथ यात्रा से लौट रही थी। दोनों देहरादून से नंदा देवी एक्सप्रेस के जरिए गाजियाबाद जा रहे थे। इसी दौरान महिला अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और खोजबीन शुरू की गई।

पुलिस के अनुसार महिला को 10 मई को बेगूसराय रेलवे स्टेशन से बरामद किया गया। महिला को उसके परिजनों के साथ थाने बुलाकर पूछताछ की गई। महिला ने बताया कि यात्रा के दौरान पति से विवाद होने पर वह नाराज होकर अपनी आरक्षित बोगी छोड़कर दूसरी बोगी में चली गई थी। उसने लक्सर रेलवे स्टेशन के पास अपना मोबाइल सिम निकालकर फेंक दिया था ताकि कोई संपर्क न कर सके। बाद में वह गाजियाबाद उतरी और वहां से दूसरी ट्रेन पकड़कर पटना चली गई, जहां उसके कुछ परिचित रहते हैं।

महिला ने पुलिस को स्पष्ट रूप से बताया कि उसके साथ किसी प्रकार की आपराधिक घटना नहीं हुई और वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई थी। पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस ने महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि महिला सकुशल बरामद कर ली गई है। पूछताछ में महिला ने किसी भी प्रकार की अनहोनी या अपराध से इनकार किया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे परिजनों के साथ भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला