पुलिस ने दबिश देकर तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली की सीज
हरिद्वार, 04 अप्रैल (हि.स.)। अवैध खनन के खिलाफ लक्सर कोतवाली पुलिस ने शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए रायसी चौकी क्षेत्र के प्रतापपुर रायसी गांव में दबिश देकर तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज कर दीं। इस कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, रायसी चौकी पुलिस को देर रात प्रतापपुर रायसी क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रायसी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजय कुमार, कांस्टेबल महेंद्र सिंह और कांस्टेबल अनिल वर्मा ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अवैध खनन में लगी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर सीज कर दिया।
लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और जहां भी अवैध खनन की सूचना मिलती है, तत्काल कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान आगे भी लगातार चलता रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

