home page

पॉपुलर के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था शीशम, वन विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी

 | 
पॉपुलर के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था शीशम, वन विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी


हरिद्वार, 23 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड से उत्तर प्रदेश की ओर पॉपुलर की लकड़ी के बीच छिपाकर शीशम ले जा रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया। कार्रवाई करते हुए विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोवर्धनपुर वन चौकी प्रभारी पंकज शर्मा ने बताया कि सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में प्रतिबंधित लकड़ी लादकर उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही लक्सर वन रेंजर महेन्द्र गिरि के नेतृत्व में टीम ने खानपुर यूपी बॉर्डर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया।

जांच के दौरान चालक से लकड़ी से संबंधित कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर वन विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही सीज कर दिया और मामले की रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेज दी। लक्सर वन रेंजर महेन्द्र गिरि ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग की टीम अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला