ग्राहकों को लेकर भिड़ीं महिलाएं, सात गिरफ्तार
हरिद्वार, 09 मई (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में 7 महिलाओं को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम शिवमूर्ति चौक रेलवे गेट के पास होटल, ढाबों, धर्मशालाओं और सुरक्षा व्यवस्था की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने देखा कि रेलवे गेट के सामने दो पक्षों की महिलाएं आपस में गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू थीं।
पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया। पूछताछ में पता चला कि आने-जाने वाले व्यक्तियों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट तक पहुंच गया। शांति भंग और संभावित संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की कुल 7 महिलाओं को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

