ड्रग इंस्पेक्टर पर रिश्वत मांगने का आरोप, दवा लाइसेंस के नाम पर लाखों की वसूली का दावा
हरिद्वार, 28 मार्च (हि.स.)। प्राइड फार्मा कंपनी के प्रतिनिधि रमेश मैठाणी और युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष केश खुराना ने ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती पर दवा निर्माण लाइसेंस के नाम पर रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगाए।
प्रेस क्लब में वार्ता में उन्होंने बताया कि लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन के बाद उन्हें शिवालिक नगर स्थित कार्यालय बुलाया गया, जहां दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाने के बाद व्हाट्सएप के माध्यम से 15 हजार रुपये की मांग की गई।
आरोप है कि पहले 10 हजार रुपये एक खाते में जमा कराए गए, इसके बाद 5 हजार रुपये और मांगे गए। साथ ही एक अन्य नंबर से 6 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की गई, जिसमें से 5 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि लाइसेंस प्रक्रिया के दौरान अलग-अलग बहानों से कई बार पैसे लिए गए और लाखों रुपये वसूले गए।
कंपनी प्रतिनिधियों और कांग्रेस नेता केश खुराना ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, ड्रग इंस्पेक्टर को तत्काल निलंबित करने और उनकी संपत्ति की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अनीता भारती लंबे समय से यहां तैनात हैं।
वहीं इस मामले में ड्रग इंस्पेक्टर अनिता भारती का स्पष्टीकरण आया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में मुझ पर लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे और भ्रामक हैं। यह मामला स्टेशनरी सामान से संबंधित है, जिसकी वास्तविक स्थिति और तथ्य जल्द ही सार्वजनिक किए जाएंगे। बिना सत्यापन के इस प्रकार की भ्रामक जानकारी फैलाना उचित नहीं है। सभी से अनुरोध है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले आधिकारिक तथ्यों की प्रतीक्षा करें।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

