home page

चाकू की नोक पर मोबाइल लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

 | 
चाकू की नोक पर मोबाइल लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार


हरिद्वार, 25 मई (हि.स.)। थाना सिड़कुल पुलिस ने चाकू दिखाकर मोबाइल फोन लूटने की वारदात का खुलासा करते हुए मोटरसाइकिल सवार दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और चाकू बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 22 मई को अंगद प्रसाद साहू पुत्र बिहारी साहू निवासी ग्राम सकरिया, पोस्ट पेलवाह थाना गौपारू जिला शहडोल मध्य प्रदेश, हाल निवासी नवोदय नगर चौक ने थाना सिड़कुल में तहरीर देकर बताया था कि आईएमसी चौक के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने रास्ता रोककर उनका मोबाइल फोन लूट लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी।

घटना के खुलासे के लिए सक्रिय हुई पुलिस टीम ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने हसन और आशु नामक दो युवकों को पुलिस लाइन तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और एक चाकू बरामद हुआ।

पकड़े गए आरोपितों के नाम पते हसन पुत्र पप्पू निवासी ग्राम जंगबहादुरगंज थाना पशिगामा जिला लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश, हाल निवासी बदायूं हाउस निकट फिनो बैंक रावली महदूद थाना सिडकुल हरिद्वार व आशु पुत्र सियानंद निवासी शिव मंदिर के पास रावली महदूद थाना सिडकुल हरिद्वार, हाल निवासी आयरन हेरिटेज स्कूल के निकट ग्राम आनेकी थाना सिडकुल हरिद्वार बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उनका चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला