home page

युवक की मौत के बाद बवाल, पुलिस चौकी में तोड़फोड़ और पथराव, पांच गिरफ्तार

 | 
युवक की मौत के बाद बवाल, पुलिस चौकी में तोड़फोड़ और पथराव, पांच गिरफ्तार


हरिद्वार, 09 अप्रैल (हि.स.)। श्यामपुर कोतवाली पुलिस ने चंडीघाट पुलिस चौकी में घुसकर तोड़फोड़ और पथराव करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुबोध, संदीप, सोनू उर्फ टुंडा, गोविंद शाह और रामबाबू उर्फ भूरा के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में पहले ही 10 नामजद और 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

दरअसल, 1 अप्रैल की रात एक अनियंत्रित कार ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी थी, जिसमें प्रवेश नाम के युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों ने चंडीघाट पुलिस चौकी का घेराव कर सड़क जाम कर दी। इस दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए चौकी में तोड़फोड़ की और राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

आरोप है कि भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस चौकी पर पथराव भी किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आम लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना के अगले दिन 2 अप्रैल को चौकी प्रभारी नवीन चौहान की तहरीर पर कोतवाली श्यामपुर में सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 और क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस ने वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा और फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला