home page

भरे बाजार दिनदहाड़े फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो गिरफ्तार

 | 
भरे बाजार दिनदहाड़े फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो गिरफ्तार


हरिद्वार, 04 मई (हि.स.)। रुड़की स्थित सोत मोहल्ले में भरे बाजार फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने वाले दो शातिर आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है। जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, सोत मोहल्ले में एक निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान दो पक्षों में बीते रोज कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के कुछ युवकों ने गुलशेर पुत्र जमील, निवासी ग्राम बिझौली, पर बीच बाजार तमंचे से फायर कर दिया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल के निर्देश और प्रभारी निरीक्षक प्रदीप विष्ट के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। सक्रिय मुखबिर तंत्र की सूचना पर पुलिस टीम ने कलियर रोड नहर पटरी के पास दबिश देकर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आसिफ पुत्र आजाद, निवासी कस्बा बरला, जिला मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) व साकिब पुत्र रियाजुल, निवासी ग्राम तेलीवाला पाडली गुर्जर, रुड़की (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला