home page

लक्सर में छात्रों के बीच हुई फायरिंग, मुकदमा

 | 

हरिद्वार, 19 मार्च (हि.स.)। कोतवाली लक्सर क्षेत्र में बुधवार को होली एंजिल पब्लिक स्कूल के बाहर छात्रों के बीच हुए विवाद व फायरिंग के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार (18 मार्च) को दोपहर परीक्षा समाप्त होने के बाद पारस और उसका भांजा तरुण स्कूल से बाहर निकले। इसी दौरान पहले से घात लगाए खड़े कुछ युवकों—चिंक्की, मिहुल, काव्या (निवासी सीमली), रितिक (अकौढ़ा कला) तथा नोबिल और पीयूष (निवासी दाबकी कला) ने कथित रूप से तरुण पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि गोली उसे नहीं लगी और वह बच गया।

आरोप है कि फायरिंग के बाद हमलावरों ने दोनों छात्रों के साथ मारपीट भी की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना स्थल पर चीख-पुकार मचने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस हरकत में आई और पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है मामले में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला