home page

घर में घुसकर ग्राम प्रधान पर हमला करने में चार गिरफ्तार

 | 
घर में घुसकर ग्राम प्रधान पर हमला करने में चार गिरफ्तार


हरिद्वार, 08 मार्च (हि.स.)। थाना सिडकुल क्षेत्र में हुड़दंग करने और प्रधान के घर में घुसकर जानलेवा हमले करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपिताें की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही हैं।

पुलिस के अनुसार 05 मार्च को प्रमोद पाल की तहरीर के आधार पर थाना सिडकुल में आरोपित राजीव पाल समेत अन्य के खिलाफ घर में घुसकर हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर में बताया गया कि आरोपित लाठी-डंडों और तलवार से लैस होकर उसके घर में घुस आए और उसे व उसके परिजनों के साथ मारपीट की। साथ ही आरोपिताें ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर भी किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनिल बिष्ट को सौंपी।

पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से प्रयास करते हुए घटना में शामिल चार लाेगाें को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान जतिन उर्फ भारत पुत्र परमाल सिंह, निवासी जयराम जोत, थाना कर्नलगंज, जिला गोंडा (उ.प्र.), राजीव पाल पुत्र जंग बहादुर, निवासी ग्राम मंसूरपुर, थाना मंसूरपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उ.प्र.), रोहन सिंह पुत्र सुरेश कुमार, निवासी ग्राम धारूवाला मंडावली, थाना बिजनौर, जिला बिजनौर (उ.प्र.) और सागर पुत्र मामचंद, निवासी ग्राम रामपुर मनिहारन, थाना मनिहारन, जिला सहारनपुर (उ.प्र.) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों का चालान कर दिया है। अन्य फरार आरोपिताें की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला