home page

एआरटीओ ऑफिस के बाहर बड़ी कार्रवाई, छापेमारी में दुकान सील

 | 
एआरटीओ ऑफिस के बाहर बड़ी कार्रवाई, छापेमारी में दुकान सील


हरिद्वार, 06 मई (हि.स.)। लक्सर एआरटीओ कार्यालय के बाहर लंबे समय से चल रहे ‘दलाल राज’ पर बुधवार को ऐसा प्रहार हुआ कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा के सख्त निर्देशों के बाद परिवहन विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर अनधिकृत गतिविधियों में लिप्त लोगों की कमर तोड़ दी।

टीम ने दफ्तर के बाहर संचालित संदिग्ध सीएससी सेंटरों और अवैध रूप से परिवहन कार्य कर रहे लोगों को निशाने पर लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई में एक दुकान पर दबिश देकर वहां मौजूद दस्तावेज, लैपटॉप, प्रिंटर और अन्य उपकरणों को कब्जे में लेकर सील कर दिया गया।

छापेमारी की भनक लगते ही आसपास के दुकानदारों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। कई लोग दुकानें बंद कर मौके से खिसकते नजर आए। करीब आधे घंटे तक चले इस अभियान के दौरान क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई और पूरा माहौल हाई वोल्टेज बना रहा।

कार्रवाई यहीं नहीं रुकी—एआरटीओ कार्यालय के पास चल रही एक सेकेंड हैंड कार डीलर की दुकान पर भी टीम ने छापा मारा। जरूरी दस्तावेज और शुल्क जमा न मिलने पर दुकान को तुरंत बंद करा दिया गया।

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र चंद व कृष्ण चंद पलड़िया ने दो टूक कहा, परिवहन विभाग में किसी भी तरह की दलाली या अनधिकृत दखल अब बर्दाश्त नहीं होगा। आमजन के काम पारदर्शी और सीधे तरीके से हों, यही हमारी प्राथमिकता है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस पूरे ऑपरेशन को उनके निर्देशन में अंजाम दिया गया, जिसमें एआरटीओ प्रवर्तन टीम, परिवहन कर अधिकारी नारसन और विभागीय स्टाफ ने मिलकर कार्रवाई को सफल बनाया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला