home page

कलसिया नाले पर नए वैली ब्रिज का निर्माण इसी माह होगा पूरा,

 | 
कलसिया नाले पर नए वैली ब्रिज का निर्माण इसी माह होगा पूरा,


हल्द्वानी , 07 अगस्त (हि.स.)। सिटी मजिस्ट्रेट ए. पी. बाजपेयी एवं नगर आयुक्त परितोष वर्मा द्वारा काठगोदाम स्थित कलसिया नाले पर प्रारंभ हुए नए वैली ब्रिज के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने बताया कि पुल निर्माण से पूर्व स्थानीय प्रशासन द्वारा आवश्यक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूर्ण कर ली गई थी तथा पुल के एबटमेंट का निर्माण भी पूरा हो चुका है। राष्ट्रीय राजमार्ग के अभियंताओं को निर्देशित किया गया है कि वैली ब्रिज का निर्माण अगस्त माह के अंतिम सप्ताह तक हर हाल में पूर्ण किया जाए।निरीक्षण के दौरान बताया गया कि वैली ब्रिज के चालू होने के उपरांत डाउनस्ट्रीम में स्थित वर्तमान वैली ब्रिज को हटाकर उसके स्थान पर लगभग 6 करोड़ की लागत से नया दो लेन स्थायी पुल निर्मित किया जाएगा, जिसके लिए धनराशि पूर्व में स्वीकृत हो चुकी है।सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि वैली ब्रिज के निर्माण से नए दो लेन पुल के निर्माण के दौरान भी यातायात का संचालन निर्बाध रूप से जारी रहेगा।

इससे सम्पूर्ण कुमाऊँ मंडल की आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित नहीं होगी तथा स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के अभियंता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता