2027 में उत्तराखंड की सत्ता में वापसी करेगी कांग्रेस: विक्रम
नई टिहरी, 12 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी में स्थान पाने वाले टिहरी जिले के वरिष्ठ कांग्रेसियों का पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य अभिनंदन किया। कहा कि जिस तरह से जनता में भाजपा सरकार के प्रति आक्रोश है, उससे 2027 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बननी तय है। ऐसे में इन पदाधिकारियों की भूमिका अहम रहेगी।
बुधवार को नई टिहरी में एक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, प्रतापनगर विधायक विक्रम नेगी और शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप पंवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त प्रदेश महासचिव विजय गुनसोला, राकेश राणा और नरेंद्र राणा का भव्य स्वागत किया। कहा कि तीनों पदाधिकारियों को संगठन के अलावा पंचायतों का गहरा अनुभव है। जिसका लाभ आगामी चुनावों में कांग्रेस को मिलेगा।
विधायक और अनुशासन समिति के विक्रम नेगी ने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पेपरलीक रूक नहीं रहे हैं। महिलाओं का उत्पीड़न बदस्तूर जारी है। आरोप लगाया कि राम मंदिर, बद्री-केदार मंदिरों में सोना, चंदा चढ़ावा चोरी में भाजपाइयों का नाम आ रहा है। इसके बाद कांग्रेसियों ने अल्मोड़ा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुलिस प्रशासन की बदसलूकी के विरोध में हनुमान चौक पर प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार का पुतला जलाया।
इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, घनसाली के पूर्व विधायक भीम लाल आर्य, कनिष्ठ उप प्रमुख विशन रांगड़ आदि माैजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

