home page

पैठाणी में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 12 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का विशेष हस्ताक्षर अभियान तेज हो गया है। गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चाकीसैंण की ओर से पैठाणी में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।

इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शिरकत कर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों, भ्रष्टाचार के आरोपों और जनता से जुड़े राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक मुद्दों को लेकर लोगों से हस्ताक्षर कराए।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 10 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, गणेश जोशी व धन सिंह रावत के खिलाफ लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच पहुंच रही है।

पार्टी हस्ताक्षरयुक्त पंपलेट और बैनर के माध्यम से सरकार को घेरने के साथ ही जनहित के मुद्दों पर लोगों को जागरूक कर रही है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनता से जुड़े राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाना है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार समेत कई जनहित के मुद्दों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।

कांग्रेस आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाते हुए सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 20 नवंबर तक सभी जिला, महानगर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को हस्ताक्षरयुक्त बैनर एवं पंपलेट प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जमा कराने हैं। इसके बाद 23 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस मुख्यालय से राजभवन तक पदयात्रा निकाली जाएगी।

इस दौरान हस्ताक्षरयुक्त बैनर और पंपलेट राज्यपाल को सौंपकर भाजपा सरकार के खिलाफ लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच और कार्रवाई की मांग की जाएगी।

इसके अलावा 25 से 30 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिला एवं महानगर कांग्रेस मुख्यालयों में नुक्कड़ नाटकों के जरिए भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। गोदियाल ने पार्टी के सभी जिला, महानगर, ब्लॉक एवं नगर अध्यक्षों, विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व विधानसभा प्रत्याशियों और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से अभियान को सफल बनाने की अपील की।

इस मौके पर कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मंगल सिंह नेगी, ग्वाड़ जिला पंचायत सदस्य चैत सिंह, बुद्धि सिंह, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजेश चमोली, महिला कांग्रेस अध्यक्ष चाकीसैंण जमुना रावत, लता रावत, युवा कांग्रेस अध्यक्ष कलम सिंह, पूर्व खंड विकास अधिकारी आशा राम पंत, धर्म सिंह सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह