मुख्यमंत्री धामी ने परिवार के साथ मुख्यमंत्री आवास में मनाई दीपावली
देहरादून, 08 नवम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अपनी धर्मपत्नी गीता धामी और दोनों पुत्रों के साथ मुख्यमंत्री आवास में दीपावली का पर्व मनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं, बल्कि समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक मूल्यों, आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व जीवन में सकारात्मकता, सेवा, सहयोग और मानवता के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रकाश का यह पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए। उन्होंने कामना की कि उत्तराखंड विकास और उन्नति के नए आयाम स्थापित करे तथा प्रत्येक नागरिक का भविष्य सुरक्षित और समृद्ध हो।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से दीपावली को आपसी प्रेम, भाईचारे और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता के साथ मनाने की अपील भी की।
गढ़ी कैंट में सेना के जवानों से मिले मुख्यमंत्री, दीपावली की शुभकामनाएं दीं:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली के अवसर पर शासकीय आवास लौटते समय गढ़ी कैंट में सेना के जवानों को देखकर अपना काफिला रुकवाया और उनसे मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सेना के जवान दिन-रात पूरी निष्ठा, समर्पण और साहस के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उनके कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना पाते हैं। राष्ट्र के प्रति जवानों का त्याग और समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने मां भारती के वीर सपूतों के शौर्य, साहस और समर्पण को नमन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

