मुख्यमंत्री धामी ने हल्द्वानी में 132 करोड़ की 39 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
हल्द्वानी , 28 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल जिले के हल्द्वानी में 132 करोड़ 55 लाख 56 हजार की 39 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें 72 करोड़ 38 लाख की लागत से 23 योजनाओं का लोकार्पण तथा 60 करोड 17 लाख 56 हजार की लागत से 16 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
स्थानीय सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज लोकार्पण एवं शिलान्यास की गई योजनाओं से नैनीताल जिला विकास की नई रफ्तार से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा राज्य सरकार विकसित उत्तराखंड बनाने की ओर तीव्रता से कार्य कर रही है। राज्य प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। राज्य सरकार के लिए गए कई ऐतिहासिक निर्णय, अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ विरासत को भी आगे बढ़ा रही है। हमारा एकमात्र लक्ष्य उत्तराखंड को आगे बढ़ाना है। जिसपर हम विकल्प प्राइस संकल्प के साथ काम रह रहे हैं। उन्होंने कहा राज्य में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून,जैसे कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि राज्य की संस्कृति, विरासत और पवित्रता से किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
इस माैके पर मुख्यमंत्री ने शिप्रा नदी पर 30 मीटर स्पान के मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान हल्द्वानी में टैक्नोलॉजी लैब, नलकूप निर्माण कोटाबाग में महादेवपुरम व झलुवाझाला नलकूप, बेलपोखरा नलकूप तथा बैलपडाव में सिंचाई नलकूप का लोकार्पण किया। इसके साथ ही महिला महाविद्यालय में लैब निर्माण, लालकुआं में नलकूपों पर स्टेबलाईजर एवं जलजीवन मिशन के अन्तर्गत 14 पेयजल योजनाओं में हरिपुर लच्छी, कालूपुर पोखरिया, जीतपुर रैक्वाल, देवलातल्ला, भवानसिंह नवाड,बसन्तपुर, किशनपुर रैक्वाल, चोरगलिया आमखेड़ा जयराम परमा, हल्दूचौड़ जग्गी, भवानीपुर कृष्णा, पाडलीपुर, भगवानपुर दुर्गापुर, बकुटिया पेयजल योजना के साथ ही पशु चिकित्सालय रामगढ् में भवन निर्माण सहित 23 विकास कार्याें का भी लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री ने जिन 16 योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें कसियालेख से धारी मोटर मार्ग, रानीबाग-खुटानी, चाफी-पदमपुरी-धानाचुली, मोतियापाथर- शहर फाटक मार्ग सुधारीकरण, नैनीताल के अनावासीय भवन निर्माण, भेंटी दियारी खोली मोटर मार्ग, नशा मुक्ति केन्द्र पाण्डे नवाड मरम्मत कार्य, नवाबी रोड सीवरेज कार्य, सीवरेज 28 एमएलडी एसटीपी निर्माण, नारीमन तिराहे से गौलापुर तक सड़क मरम्मत, देवरामपुर गौलागेट सड़क सुधारीकरण,हल्दूचौड़ गौलारोड डीबीएमस कार्य, चांदनी चौक घुडदौड़ तक मार्ग सुधारीकरण, पीपल पोखरा में र्साइं सटरिंग, हिम्मतपुर बैजनाथ पीसी कार्य, वृन्दावन विहार एवं चांदनी चौक में पीसी नवनिर्माण, गुसाईपुर में सड़क सुधारीकरण एवं पनचक्की- चौफुला- कठघरिया नहर कवरिंग कार्यों शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपनी घोषणाओं के अनुपालन में विशेष योजनांतर्गत सहायता (एसपीए) कार्यक्रम में स्वीकृत, हल्द्वानी-काठगोदाम श्रोत एवं ट्रीटमेन्ट संवर्धन पेयजल योजना” कार्य कुल लागत 15443 लाख रुपये है, का भी भूमि पूजन किया। इस अवसर पर सांसद नैनीताल-उधमसिंह नगर अजय भट्ट, अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दरमवाल, विधायक लालकुआं मोहन सिंह बिष्ट विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, नैनीताल सरिता आर्या, मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट सहित अन्य मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

