home page

मानसून की पहली बारिश में जलमग्न हुआ शहर

 | 
मानसून की पहली बारिश में जलमग्न हुआ शहर


हल्द्वानी , 01 जुलाई (हि.स.)। मानसून की पहली ही बारिश ने हल्द्वानी नगर निगम और प्रशासन के दावों की हकीकत सामने ला दी। शहर के कई इलाकों में जलभराव होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा,उतर उजला,हीरा नगर,कालाढूंगी रोड,नवाबी रोड,तिकोनिया चौराहे समेत कई जगहों पर जल भराव हुआ है।

नालियों और नालों की सफाई के दावों के बावजूद कई सड़कें पानी में डूब गईं और यातायात भी प्रभावित हुआ। शहर के निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर हालात ऐसे रहे कि लोगों का पैदल निकलना भी कठिन हो गया। नगर निगम का दावा था कि मानसून से पहले अप्रैल महीने से ही नालियों और बड़े नालों की सफाई का अभियान चलाया गया था, लेकिन पहली ही बारिश के बाद सामने आई तस्वीरों ने इन तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान शहर में जलभराव की यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

नगर आयुक्त पारितोष वर्मा ने कहा कि जिन स्थानों पर जलभराव हुआ है, वहां नगर निगम की टीमें लगातार जलनिकासी और सफाई का काम कर रही हैं। वहीं सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और संबंधित विभागों को तत्काल राहत एवं जल निकासी के निर्देश दिए गए। फिलहाल नगर निगम और प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी और सफाई कार्य में जुटी हैं। हालांकि, मानसून की पहली ही बारिश ने शहर की तैयारियों और जल निकासी व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता