home page

निर्धारित समय सीमा के भीतर हल की जाएं जन शिकायतें: जिलाधिकारी

 | 
निर्धारित समय सीमा के भीतर हल की जाएं जन शिकायतें: जिलाधिकारी


नई टिहरी, 03 सितंबर (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल ने जनता एवं जनप्रतिनिधियों की ओर से दी जाने वाली शिकायतों का समयबद्ध और अनिवार्य निस्तारण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। कहा कि गुणवत्तापूर्ण तरीके से इन शिकायतों का समाधान किया जाए। डीएम नितिका ने जिला कार्यालय को विभिन्न माध्यम से मिलने वाली जन शिकायतों को लेकर निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण आख्या उपलब्ध न कराने और शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई से अवगत न करने पर नाराजगी व्यक्त की है।

जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से संबंधित प्रत्येक शिकायत का अधिकतम 7 दिन के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक प्रकरण में तथ्यों, अभिलेखीय साक्ष्यों और कार्रवाई का स्पष्ट उल्लेख करते हुए निस्तारण आख्या निर्धारित समय सीमा के भीतर जिला कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। शिकायतकर्ता को भी इससे अवगत कराएं। शिकायतों की सूची का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो और संबंधित विभाग शिकायतकर्ता को बार-बार पत्राचार करने के लिए विवश न करें। कहा कि जनशिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुशासन व जन विश्वास की महत्वपूर्ण कड़ी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी