home page

सात माह में पौड़ी जिले के 2698 नए लाभार्थियों को मिली पेंशन

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 15 नवंबर (हि.स.)। जनपद में अप्रैल से अक्टूबर तक विभिन्न सामाजिक पेंशन योजनाओं के तहत 2698 नए लाभार्थियों को जोड़ा गया है। इनमें सबसे अधिक 2307 लाभार्थी वृद्धावस्था पेंशन योजना के हैं। इसके अलावा 191 किसानों और 200 दिव्यांगजनों को भी पेंशन का लाभ दिया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित इन योजनाओं के तहत पात्र लोगों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन के लाभ से वंचित न रहे। आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने के साथ स्वीकृत लाभार्थियों को निर्धारित समय पर पेंशन भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि विभाग नए पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ रहा है। साथ ही पेंशन प्रक्रिया को सरल बनाने और लाभार्थियों को समय पर भुगतान करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह